
Deoghar: श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथधाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्व रेलवे ने भागलपुर और देवघर के बीच अनारक्षित श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है।

आसनसोल रेल मंडल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर- 03412 भागलपुर-देवघर श्रावणी मेला स्पेशल अनारक्षित ट्रेन 3, 4, 8, 9, 10, 11, 15, 16, 17, 18, 22, 23, 24, 25, 29 और 30 अगस्त को कुल 16 फेरों में चलेगी। ट्रेन शाम 5:30 बजे भागलपुर से रवाना होकर रात 9:30 बजे देवघर पहुंचेगी। वहीं ट्रेन नंबर- 03411 देवघर-भागलपुर श्रावणी मेला स्पेशल अनारक्षित उन्हीं तिथियों में रात 10:20 बजे देवघर से प्रस्थान कर अगले दिन 2:10 बजे भागलपुर पहुंचेगी।

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में टिकानी, धौनी, बराहाट, मुराहरा, बांका, कटोरिया और चंदन स्टेशनों पर रुकेगी। इस विशेष ट्रेन के संचालन से विशेष रूप से बिहार के भागलपुर और बांका जिले के श्रद्धालुओं को देवघर तक पहुंचने में बड़ी राहत मिलेगी।
पूर्व रेलवे की ओर से बताया गया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। रेलवे का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना तथा मेला अवधि में भीड़ का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करना है।



