Deoghar: कुंडा पुलिस ने 6 फरवरी 2024 दिन दहाडे कुंडा मोड़ स्थित जेवीएनएल के एटीपी काउंटर के समीप हुए फायरिंग मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। जिससे कुंडा पुलिस पुछताछ करने में जुटी है। बताते चलें बीते 6 फरवरी को दिनदहाड़े तीन से चार की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था।

घटना से आसपास के इलाके में दहशत फैल गया था। हो-हल्ला सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, तो सभी बदमाश वहां से फरार हो गये थे। उस वक्त घटना की सूचना मिलते ही कुंडा थाने की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मौके पर से एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया था।

सूत्रों के मुताबिक, सभी युवकों ने हाथ में देसी पिस्तौल ले रखा था। घटना को लेकर कुंडा स्थित जेवीएनएल के एटीपी काउंटर में काम करने वाले ब्रह्मपुर निवासी मुकेश कुमार यादव ने कुंडा थाने में मामला दर्ज कराया था। कहा था कि दिन के करीब 11:15 बजे तीन-चार युवक उसके कार्यालय के सामने किसी व्यक्ति से कहासुनी कर रहे थे।
कहासुनी होते-होते उनलोगों के बीच मारपीट होने लगी, तो हो-हल्ला सुनकर वह भी बाहर आया। आसपास के कुछ लोगों ने उनलोगों को समझा बुझा कर हटा दिया। कुछ ही देर बाद वही तीन-चार युवक उसके काउंटर पर आये और उस व्यक्ति के बारे में पूछने लगे, जिससे वे लोग उलझे थे।
जबरन वे सभी कहने लगे कि वह तुम्हारा ही लड़का था, जल्दी बताओ कहां है. माजरे को वह कुछ समझता तब तक उनलोगों ने अपने हाथ में लिये पिस्टल को तान दिया और एक ने छूरे से हमला करने की कोशिश की। उनलोगों का विरोध किया, तो एक ने बाहर आकर हवाई फायरिंग कर दी। मुकेश ने चार लड़कों का नाम पुलिस को उपलब्ध करा दिया था।



