
Jaipur: दुबई से गुजरात के अहमदाबाद जा रही स्पाइस जेट की एक फ्लाइट SG-16 को खराब मौसम की वजह से बुधवार देर रात जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। इसके बाद आठ घंटे से ज्यादा वक्त तक फ्लाइट री-शेड्यूल नहीं की गई। ड्यूटी पूरी होने पर पायलट भी फ्लाइट छोड़कर चले गए। इससे नाराज 140 से ज्यादा पैसेंजर्स ने गुरुवार को जयपुर एयरपोर्ट पर हंगामा खड़ा कर दिया। सीआरपीएफ के जवानों ने समझाइश कर मामला शांत करवाया।

गुजरात के मोरबी में रहने वाले महावीर सिंह जडेजा ने बताया कि वे बुधवार को दुबई से अपने परिवार के साथ अहमदाबाद के लिए निकले थे। हमारी फ्लाइट रात पौने बारह बजे तक अहमदाबाद लैंड होने वाली थी। लेकिन, आखिरी वक्त खराब मौसम की वजह से हमारी फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। रात लगभग डेढ बजे हम लगभग 148 पैसेंजर जयपुर पहुंच गए थे। लेकिन, तब से अब तक ना हमें खाने के लिए कुछ दिया गया है।

ना ही पीने के लिए चाय या पानी दिया गया है। हमारे साथ बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल है। जो इतने लंबे सफर के बाद थक चुके हैं। उनसे चला तक नहीं जा रहा है। लेकिन उन्हें भी रेस्ट करने तक के लिए जगह नहीं दी गई। जडेजा ने बताया कि जयपुर एयरपोर्ट पर अब तक स्पाइसजेट द्वारा यह फैसला नहीं किया गया कि आखिर हम फिर से अहमदाबाद कैसे जाएंगे। स्पाइसजेट के कर्मचारी और अधिकारी बार-बार हमारे पास आते हैं। हर बार नया शिगूफा छोड़ हमें बेवकूफ बना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हम जब अपनी परेशानी एयरपोर्ट के कर्मचारियों को बताने की कोशिश करते हैं तो सीआरपीएफ के जवान हमें डराते हैं। अब वे स्पाइसजेट के खिलाफ कंज्यूमर कोर्ट में कानूनी लड़ाई लडेंगे। परेशान पैसेंजर रवि शुक्ला ने स्पाइसजेट को लेट-लतीफी का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कल रात जब हमारी फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट कर दिया गया।
उसके बाद दोनों पायलट बिना किसी इन्फॉर्मेशन के प्लेन छोड़कर चले गए। जब हमने इसके बारे में पूछा तो क्रू मेंबर्स लगातार हमें अगले पायलट के आने की बात कहते। उन्होंने हमें दिलासा कि जल्द ही हमारा प्लेन फिर से टेक-ऑफ कर अहमदाबाद के लिए रवाना होगा। लेकिन, आखिर तक ऐसा नहीं हुआ। बल्कि, काफी इंतजार के बाद हमें प्लेन से उतार एयरपोर्ट के अंदर ले जाया गया।
देर रात जब हम जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे तो हमारा इमीग्रेशन किया गया और ना ही लगेज भी हमें नहीं दिया गया। स्पाइसजेट के कर्मचारियों ने हमें इंटरनेशनल से डोमेस्टिक फ्लाइट में कन्वर्ट करने की बात कही। जिसकी वजह से भूखे प्यासे पैसेंजर्स को एक बार फिर मजबूरन लाइन में लग काफी परेशान किया गया। इस पूरे प्रोसेस में ना तो किसी कर्मचारी ने हमें पानी के लिए पूछा ना ही कुछ और खाने का दिया।
जबकि हमारे साथ बच्चों से लेकर बूढ़े और प्रेग्नेंट लेडीज तक की यात्रा कर रही हैं। लेकिन उन्हें बैठने तक की जगह नहीं दी गई। बल्कि, हमें फ्लाइट में ट्रेवल करने पर भी बेवजह दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही है। इस पूरे विवाद को लेकर जब हमने स्पाइसजेट के कर्मचारियों से उनका पक्ष जानने की कोशिश की। तो उन्होंने जवाब नहीं दिया। जयपुर एयरपोर्ट के अधिकारियों के अनुसार खराब वेदर सिस्टम की वजह से फ्लाइट को डायवर्ट किया गया था। पैसेंजर्स को फिर से अहमदाबाद पहुंचाने की प्रक्रिया चालू है। (HS)


