
Deoghar: देवघर नगर थाना पुलिस ने स्थानीय टावर चौक के पास शनिवार की रात करीब दो बजे सड़क पर देसी कट्टा लहराते हुए दो बाइक सवार युवकों को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपितों में नगर थाना क्षेत्र के शहीद आश्रम रोड निवासी सुधीर कुमार व जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के जोगीडीह गांव निवासी नंदलाल कुमार गोस्वामी उर्फ नंदू शामिल हैं। पुलिस ने उसका हीरो ग्लैमर बाइक भी जब्त कर लिया है।

घटना के संबंध में नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि नववर्ष को लेकर पुलिस पहले से चौकस थी। पुलिस रात को गश्ती कर रही थी। इसी क्रम में एसआइ सुमन कुमार को गुप्त सूचना मिली कि दो युवक टावर चौक के पास देसी कट्टा लहरा रहा है। इसी सूचना पर पुलिस टीम छापेमारी कर टावर चौक के पास स्थित शुलभ शौचालय के सामने बाइक पर सवार दो युवकों को देखा। पुलिस को देखते ही दोनों युवक तेजी से भागने लगे।

पुलिस ने पीछा कर दोनों युवकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया। बताया जाता है कि ये बदमाश पिस्तौल का भय दिखाकर दुकानदारों से रंगदारी वसूलने की फिराक में थे। घटना को लेकर एसआइ सुमन कुमार के बयान पर नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर रही है। ये जानने का प्रयास किया जा रहा है कि इनके पास हथियार कहां से आया और वे किस गिरोह से जुड़े हुए हैं।


