
Jaipur: राजस्थान में रविवार का दिन हादसों के नाम रहा। प्रदेश के तीन जिलों में हुए सड़क हादसों में 14 लोग मौत के मुंह में समा गए। अलवर जिले में अलवर-सिकन्दरा मेगा हाईवे पर ट्रक और ऑटो की भिड़ंत में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई तो सिरोही में एक ट्रक ने दो कार और एक ट्रक में टक्कर मार दी, जिसमें 6 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। राजसमंद के चारभुजा थाना क्षेत्र के मानसिंह जी का गुड़ा में सुबह बस और ट्रेलर की आमने-सामने हुई भिड़ंत में 4 लोगों की मौत हो गई।
अलवर में एक ही परिवार के चार की जान गई

अलवर-सिकन्दरा मेगा हाईवे मार्ग स्थित सूरेर पेट्रोल पंप के समीप रविवार सुबह एक ट्रक और सवारी ऑटो में भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को राजगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने कहा कि 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि एक की इलाज के दौरान हुई। मृतकों में 2 महिला व 2 पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान राजगढ़ के भोलीवालो का बास हरिराम सैनी (पुत्र छाजू राम), डब्लू राम सैनी (पुत्र हरिराम सैनी), रज्जो देवी (पत्नी हरिराम), मीरा देवी (पत्नी डब्लू सैनी) के रूप में हुई है। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है। पुलिस के अनुसार एक ही परिवार के 4 लोग अपने कुल देवता को ढोक देने के लिए गए थे।
सिरोही में भीषण हादसा, छह की मौत-पांच घायल

पालडीएम थाना क्षेत्र में उथमन के पास रविवार को भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, वहीं 5 लोग गंभीर रूप से घायल है। एक ट्रेलर शिवगंज से सिरोही की तरफ आ रहा था। अचानक से ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पार कर सामने वाली सड़क पर आ गया। अनियंत्रित ट्रेलर ने दो कार और एक ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस और एम्बुलेंस को दी। इसके बाद पालडी थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें एक 3 माह का मासूम भी शामिल है। वहीं, 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे की जानकारी मिलने पर विधायक संयम लोढ़ा अस्पताल पहुंचे और घायलों के बारे में जानकारी ली।
राजसमंद में बस और ट्रेलर में टक्कर, चार की मौत
चारभुजा थाना क्षेत्र के मानसिंह जी का गुड़ा में रविवार सुबह बस और ट्रेलर की भिड़ंत में 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। तड़के 5.30 बजे जयपुर की ओर से आ रही बस ने मानसिंह जी का गुड़ा में हाईवे पर तेज रफ्तार से ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान अनियंत्रित होकर बस आगे चल रहे ट्रेलर से जा भिड़ी।भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। चारभुजा थाना पुलिस ने एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को आरके जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने क्रेन से दुर्घटनाग्रस्त बस व ट्रेलर को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।


