
Deoghar: देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत रोहिणी गांव में गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को बिना दस्तावेज के 30 बोरा चावल ले जा रहे एक मिनी ट्रक को जसीडीह पुलिस ने पकड़ा है। इस दौरान चालक से चावल परिवहन संबंधी दस्तावेज भी मांगे गये, मगर दस्तावेज उपलब्ध नहीं किए जाने पर पुलिस ने संदेह पर वाहन जब्त कर लिया। वाहन थाने में खड़ा करा दिया गया है।

बताया जाता है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बिहार के राशन दुकान की चावल बिचौलिये के माध्यम से जसीडीह, देवघर और रोहिणी में बेचा जा रहा है। अरवा चावल चकाई, दुलमपुर, बीचकोड़ा होते हुए लाया जाता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर एक मिनी ट्रक को जब्त किया है। ट्रक में तीस बोरा अरवा चावल है। पीडीएस दुकान में उपभोक्ताओं को सरकार की ओर से अरवा चावल दिया जाता है। उसमें अधिकतर दुकानदार बेच देते हैं।

वहीं उपभोक्ता चावल को बेचकर चावल की तस्करी करते हैं। सीमावर्ती क्षेत्र के दुकानदार द्वारा चावल का उठाव कर सीधे बाजार तक पहुंचाने का काम वर्षों से किया जा रहा है। संबंधित मामले की पुलिस छानबीन कर रही है।



