
Deoghar: पावन नगरी में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर बैद्यनाथ धाम स्थित शनि मंदिर में भक्ति और उल्लास का भव्य आयोजन किया जाएगा। शनि मंदिर के पुजारी उत्तम ठाकुर ने बताया कि मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है,जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना हुआ है ।

सुबह आरंभ होने वाले कार्यक्रम के तहत 11 बजे तक भगवान हनुमान जी का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया जाएगा। इस दौरान पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक संपन्न होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे और पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।

संध्या काल में भी आयोजन की विशेष भव्यता देखने को मिलेगी। शाम 6 बजे से हनुमान जी का बाल रूप में आकर्षक श्रृंगार और विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके पश्चात रात्रि 7 बजे महाआरती का आयोजन होगा, जिसमें भक्त एक साथ आरती में शामिल होकर भक्ति रस में डूबेंगे।
इस अवसर पर हनुमान जी महाराज को विशेष भोग अर्पित किए जाएंगे, जिनमें 101 किलो का विशाल लड्डू, 21 किलो खोवा का केक, छप्पन भोग एवं मोहन भोग शामिल हैं।
इन भोगों की तैयारी विशेष रूप से की गई है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगी। साथ ही आतिशबाजी का भी आयोजन किया गया है। बजरंगबली पूजा समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पावन दिवस के अवसर पर भगवान की पूजा पाठ अवश्य करें।



