

नई दिल्ली।

देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र, गुजरात के बाद अब मध्यप्रदेश में अपने पैर पसार रहा है। कोरोना महामारी को काबू में करने के लिए राज्य सरकारें एहतियाती कदम उठा रही हैं। तेजी से बढ़ रहे मामलों की वजह से मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) की राजधानी भोपाल (Bhopal) और इंदौर (Indore) में बुधवार से नाइट कर्फ्यू (Night Curfew) लगाने का फैसला किया गया है।

इसके अलावा मध्य प्रदेश के 8 शहरों जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, रतलाम, छिंदवाड़ा, बुरहानपुर, बैतूल और खरगोन में रात 10 बजे के बाद बाजार बंद रहेगा। इन शहरों में कर्फ्यू जैसी स्थिति नहीं रहेगी लेकिन बाजार अनिवार्य रूप से बंद करना होगा। यह आदेश भी कल दिनांक 17 मार्च से लागू होगा।

गौरतलब है कि एमपी में पिछले कुछ दिनों से कोरोना के नए केस लगातार बढ़ रहे हैं। सोमवार को पहली बार इस साल आठ सौ मरीज मिले थे। इंदौर में 267 और भोपाल में 199 मरीज मिले थे। उसके बाद शिवराज सरकार की चिंता बढ़ गई थी।
वहीं, गुजरात में अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट में नाइट कर्फ्यू को 31 मार्च तक बढ़ा दिया गया है। हालांकि गुजरात के इन शहरों में पहले से ही नाइट कर्फ्यू लगा हुआ था, लेकिन इसका समय रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक था।
देश में मंगलवार को कोरोना के 24,492 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 131 लोगों की मौत हो चुकी है।



