सारठ/देवघर।

देवघर जिला अंतर्गत सारठ-पालोजोरी मुख्य मार्ग पर लोधरा मोड़ के पास रविवार को दिनदहाड़े एक मिठाई कारोबारी से 1.50 लाख लूट लिए जाने का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार सारठ बाजार के रहने वाले विकास कुमार साह की सारठ चौक मिठाई की दुकान है। लॉकडाउन के दौरान उनकी दुकान बंद रहने के कारण उन्होंने दुमका निवासी अपने ससुर दीप नारायण साह से 1.50 लाख रुपया कर्ज के तौर पर लिया था। दुर्गा पूजा व दीपावली के दौरान जब कमाई हुई तो विकास रविवार को अपने ससुर को पैसा वापस करने दुमका जा रहे थे। वे बाइक से अपने भांजा अमित साह के साथ निकले। लोधरा मोड़ के पास एक सुनसान जगह पर पहुंचे ही थे कि दो बाइक पर सवार पांच बदमाश पीछे से आए और उनकी बाइक को ओवरटेक कर सामने अपनी बाइक लगा दी और पिस्तौल तानते हुए बदमाशों ने कहा कि बैग में रखा पैसा दे दो वरना गोली मार देंगे। विकास और उनके भांजा के साथ मारपीट भी की गयी। डर से उन्होंने रुपया भरा बैग बदमाशों को दे दिया। बदमाशों ने एटीएम, आधार कार्ड व मोबाइल भी छीन लिये और फरार हो गए। जिसके बाद विकास कुमार साह ने सारठ लौटकर इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। मामले में कुछ अहम सुराग भी हाथ लगे हैं। सारठ एसडीपीओ ने कहा कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।



