
Deoghar: साइबर ठग लोगों को तरह-तरह का प्रलोभन देकर झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाते ही हैं। अब तो साइबर ठगी के सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों की मेहनत की कमाई को एक ही झटके में उड़ा लेते हैं।

कुछ ऐसी ही योजना का लाभ देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले चार साइबर ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन सभी की गिरफ्तारी सारवां थाना क्षेत्र के निकतपुर गांव के समीप पलाश जंगल से की गई है।

गिरफ्तार होने वाले साइबर ठगों में सारवां थाना क्षेत्र के खेरवा गांव निवासी अजय कुमार दास, देवीपुर थाना क्षेत्र के ढकढका गांव निवासी संजय दास, सारठ थाना क्षेत्र के कुंडारो गांव निवासी विनोद कुमार यादव व मधुपुर थाना क्षेत्र के भेड़वा नवाडीह गांव निवासी चंदन कुमार दास शामिल है। इन साइबर ठगों के पास से चार मोबाइल फोन, आठ सिम कार्ड (दो प्रतिबिंब सिम ) बरामद किया गया है।
जब्त मोबाइल को खंगाला गया। जिसमें से दो मोबाइल नंबर पर प्रतिबिंब पोर्टल में शिकायत दर्ज होने की जानकारी साइबर थाना की पुलिस को मिली। इसके अलावा जब्त दो मोबाइल फोन की शिकायत जेएमआइएस पोर्टल पर किए जाने की जानकारी मिली।
पुलिस अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडुंग को साइबर अपराधियों के बारे में गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर उन्होंने साइबर थाना की पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साइबर थाना की पुलिस ने सारवां थाना क्षेत्र में छापेमारी कर इन सभी साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के लिए थाना लाया गया।
यहां गिरफ्तार सभी साइबर ठगों ने लोगों को झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाने में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया है।


