जमशेदपुर।
जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत दाई गुट्टू में शुक्रवार की सुबह पारिवारिक गुटों के बीच हुए हिंसक झड़प में एक युवक की हत्या के बाद सनसनी फैल गयी। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया है।
मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। उधर घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि उत्तम कुमार का संपत्ति विवाद को लेकर लंबे समय से परिवार में विवाद चल रहा था। गुरुवार की रात रिश्तेदार के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद शुक्रवार को रिश्तेदारों ने उत्तम कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की तफ्तीश में जुट गई है।