जामताड़ा।
जामताड़ा के केलाही गांव में हुए मारपीट और आगजनी की घटना को लेकर दोनो पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस घटना में एक पक्ष के तीन लोग जख्मी हुए हैं और दूसरे पक्ष के मकान को आग लगाकर जला दिया गया है।
घटना में लगभग 30 लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। मारपीट की घटना में दो लोग बुरी तरह से जख्मी हुए हैं, जिनका इलाज बाहर कराया जा रहा है। केलाही के ग्रामीणों का कहना है कि विवाद सड़क पर ट्रैक्टर को हटाने को लेकर उत्पन्न हुआ था। जिसके बाद मारपीट की घटना हुई जिसमें 3 लोग जख्मी हो गए। युवकों के जख्मी होने की खबर मिलने के बाद उसके परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और ट्रैक्टर मालिक के घर पर धावा बोल दिया और आग लगा कर लाखों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा दिया।
घटना के बाद गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और वरीय पदाधिकारी पहुंचकर मामले को शांत कराने का प्रयास कर रहे है। इस घटना में जामताड़ा के झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्यामलाल हेंब्रम एवं 250 अन्य लोगों पर मिहिजाम थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं दूसरे पक्ष द्वारा ट्रैक्टर मालिक श्यामल मंडल एवं अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
संथाल परगना के डीआईजी राजकुमार लकड़ा जामताड़ा के केलाही गावँ पहुँचे जहां आगजनी तोड़फोड़ और मारपीट के मामले का जायजा लिया। गांव में निरीक्षण के बाद मिहिजाम थाना में डीआईजी ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई होगी। डीआईजी ने लोगों को निर्भीक होकर रहने का आह्वान किया है।