देवघर/मधुपुर:

एक ओर सरकार द्वारा दुकान खोल कर शराब बेची जा रही. दूसरी ओर लोग सरकार से ही शराब बंद करने की मांग कर रहे.

देवघर जिले के मधुपुर प्रखंड क्षेत्र के कुरमीडीह गांव में शराब के विरूद्ध महिलाएं सड़क पर उतरी. रिहायशी ईलाके में शराब की दुकान के विरूद्ध महिलाओं ने जमकर हंगामा किया. प्रदर्शन कर रहे लोगों में महिलाएं सहित बुजूर्ग और बच्चे भी शामिल थे.
हाथों में झाडु लिये महिलाओं ने शराब दुकान के खिलाफ हंगामा किया और दुकान को बंद कराया. शराब दुकान झारखंड राज्य बिवरेज काॅपरेशन लिमिटेड द्वारा संचालित किया जा रहा था. स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी ईलाके में शराब दुकान खुल जाने से मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है. टीन एजर्स भी शराब पीने लगे हैं. पुरूष शराब पीकर घर पहुंचते हैं और महिलाओं के साथ मारपीट करते हैं. शराब पीने के चक्कर में घर के पुरूष सारे पैसे बर्बाद कर रहे. शराब दुकान पर भीड़ होने से सड़क पर लड़कियों के आने-जाने में परेशानी हो रही है. दुकान पर मौजूद लोग लड़कियों पर फब्तियां कसते हैं. अब डर से लड़कियां घर से बाहर नहीं निकलती हैं. कुरमीडीह के लोगों ने प्रशासन से शराब दुकान बंद करने की मांग की है.
स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि गांव में अवैध रूप से भी शराब बनायी जाती है. ग्रामीणों ने गांव भी जितने भी अवैध शराब बनाये जा रहे हैं, उसपर लगाम कसने की मांग सरकार से की है. लोगों का कहना है कि रिहायशी ईलाके से दूर शराब दुकाने खोली जाये. ताकि माहौल खराब न हो. बच्चों को गलत आदत न लगे. लोगों ने मांगे नहीं माने जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है.


