
Deoghar: झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार मंगलवार को अपने पूरे परिवार के साथ बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे। जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने गर्भगृह में प्रवेश किया। मंत्रोच्चार के साथ उन्होंने बाबा भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मां पार्वती, मां काली, मां बगलामुखी और लक्ष्मी-नारायण मंदिर में भी दर्शन-पूजन कर राज्य की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद बाबा मंदिर नियंत्रण कक्ष में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवनिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने मुख्य सचिव को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
डीसी-एसपी ने किया सम्मानित

मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने कहा कि श्रावणी मेला की व्यवस्थाओं का वास्तविक आकलन धरातल पर दिखाई दे रही तैयारियों से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सतत मेहनत और श्रद्धालुओं के सहयोग का सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है। सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि बाबा धाम आने वाले श्रद्धालुओं, दुकानदारों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान सुनिश्चित करना होगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की शुरुआत में कुछ चुनौतियां सामने आती हैं, लेकिन समय के साथ व्यवस्थाओं में लगातार सुधार होता है।
अनावश्यक हॉर्न नहीं बजाने की अपील
वहीं, अविनाश कुमार ने देवघर उपायुक्त से अनुरोध किया कि बाबा मंदिर के आसपास आने वाले लोगों से अनावश्यक रूप से वाहनों का हॉर्न नहीं बजाने की अपील की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु जब मंदिर परिसर में पहुंचें तो वे शिवधुन और आध्यात्मिक वातावरण का शांतिपूर्वक अनुभव कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई प्रशासनिक आदेश नहीं, बल्कि जनसहयोग से बाबा नगरी को अधिक शांत, स्वच्छ और आध्यात्मिक बनाने का प्रयास है। यदि लोग स्वयं इस आदत को अपनाएं तो बाबा धाम का धार्मिक वातावरण और अधिक दिव्य बन सकता है।
मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने बांग्ला सावन को लेकर कहा कि भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सालभर बाबा मंदिर में होने वाली भीड़ के स्थायी प्रबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह विषय मंदिर प्रबंधन बोर्ड के सामूहिक निर्णय से जुड़ा है और उसी के बाद इस पर कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा।


