
देवघर: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देवघर के युवाओं और विशेषकर छात्रों के लिए ऐतिहासिक पहल की शुरुआत हुई है।

‘देवघर डायलॉग’ वेबिनार के पहले संस्करण में देश-विदेश में रह रहे प्रवासियों ने मिलकर युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार को खोलने का संकल्प लिया है। इसमें डॉक्टरी की पढ़ाई के लिए गरीब छात्रों को मुफ्त में NEET परीक्षा की तैयारी कराने, युवाओं को लीडरशिप और स्कील बेस्ड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट की ट्रेनिंग देने, उनकी करियर काउंसलिंग करने का भी संकल्प शामिल है….बड़ी बात है कि ये ट्रेनिंग वो लोग देंगे जो आज सरकार, कॉरपोरेट सेक्टर और निजी संस्थानों में उच्च पदों पर काम कर रहे हैं ।

शनिवार दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक आयोजित Deoghar Dialogue वेबिनार में देश-विदेश में रह रही एक से बढ़कर एक हस्तियां शामिल हुईं, कार्यक्रम की शुरुआत देवघर कॉलेज के प्रिंसिपल बसंत गुप्ता के संबोधन से हुई जिन्होंने इस प्रयास को टूटी कड़ियों को जोड़ने जैसा बताया है।
बसंत गुप्ता ने कहा कि देवघर डायलॉग में युवाओं के लिए अपार संभवनाएं छिपी हैं और छात्रों को इस भागीरथ प्रयास से लाभ उठाना चाहिए। इसके बाद देवघर के पूर्व डीसी और अभी भारत सरकार के गृह मंत्रालय में सचिव के तौर पर काम कर रहे सुनील कुमार बर्णवाल ने अपनी बात रखी।
सुनील कुमार बर्णवाल ने कहा कि देवघर के युवाओं को सिर्फ शिक्षा ही नहीं बल्कि दूसरे क्षेत्रों में काम कर रहे देवघरिया को भी अपना रोड मॉडल बनाना चाहिए…और ये मंच तकनीक के जरिए युवाओं को ऐसे रोल मॉडल्स तक पहुंचाएगा।
इस कार्यक्रम में सबसे शानदार पल तब आया जब देश के जाने माने लीडरशिप कोच संतोष मेनन ने देवघर आकर युवाओं को मुफ्त में ट्रेनिंग देने का वादा किया। संतोष मेनन इंफोसिस, विप्रो, फ्लिपकार्ड जैसी कई कंपनियों के टॉप मैनेजमेंट को लीडरशिप की ट्रेनिंग देते हैं।
इसके बाद ओडिशा में गरीब बच्चों के लिए ‘जिंदगी’ फाउंडेशन चलाने वाले मशहूर शिक्षाविद् अजय बहादुर सिंह ने भी बड़ा एलान किया। अजय बहादुर सिंह ने कहा कि उनकी संस्था आने वाले वक्त में डॉक्टरी की पढ़ाई के लिए देवघर से गरीब बच्चों का चयन करेगी और उन्हें ओडिशा ले जाकर बिलकुल मुफ्त में NEET परीक्षा की तैयार कराएगी।
आप जानकार हैरान होंगे कि अजय बहादुर सिंह की जिंदगी फाउंडेशन में पढ़ने वाले लगभग शत् प्रतिशत छात्र पिछले तीन साल से NEET की परीक्षा पास कर रहे हैं और इस शानदार उपलब्धि के लिए उन्हें देश-विदेश में कई अवॉर्ड मिल चुके हैं।
देवघर डायलॉग में बतौर स्पीकर प्रसार भारती में सलाहकार और देश के जाने माने खेल पत्रकार अभिषेक दुबे ने भी अपने विचार रखे, उन्होंने कहा कि देवघर में खेल को लेकर अपार संभावनाएं हैं, बस युवाओं को सही मार्ग दर्शन की जरूरत है।
अभिषेक दुबे ने कहा कि देवघर डायलॉग मंच के जरिए खेल जगत की बड़ी हस्तियों को भी यहां के युवाओं से जोड़ना चाहिए….ताकि देवघर से भी युवराज, धोनी जैसे खिलाड़ी निकलें ।
कार्यक्रम में एनडीटीवी के रेजिडेंट एडिटर अनुराग द्वारी ने कोरोना संकट की वजह से बाबा मंदिर पर आश्रित लोगों की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताई और उनके लिए कुछ करने का सुझाव रखा।
इसके अलावा कतर की नॉर्थ ऑयल कंपनी में काम करने वाले सीनियर इंजीनियर अनुराग भारती ने भी आने वाले वक्त में देवघर डायलॉग से और भी ज्यादा प्रवासियों को जोड़ने का संकल्प लिया।
इनके अलावा अबु धाबी के ब्रिटिश दूतावास में रिक्रूटमेंट ऑफिसर के तौर पर काम कर रहे रोहित सिंह ने भी देवघर के युवाओं को करियर काउंसलिंग और पर्सनालिटी डेवलपमेंट के लिए ऑनलाइन ट्रेनिंग देने का वादा किया ।
कार्यक्रम के आखिरी वक्ता के तौर पर देवघर डायलॉग के संस्थापक बिधान चंद्र सिंह का संबोधन हुआ। बिधान चंद्र भविष्य में भी संवाद के इस सिलसिले को जारी रखने का वादा किया और देवघर आकर युवाओं को थियेटर और स्किल बेस्ड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट की ट्रेनिंग देने की बात कही।
‘देवघर डायलॉग’ के पूरे संवाद को आप www.deoghardialogue.com, फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम और यू ट्यूब चैनल पर भी देख सकते हैं।


