
Mumbai: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से धमकी मिलने के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच अलर्ट हो गई है। क्राइम ब्रांच ने आमिर खान की टीम से बातचीत की। मुंबई क्राइम ब्रांच मुख्य रूप से यह पता करना चाहती है कि यह धमकी आमिर खान या उनकी टीम को सीधे तौर पर मिली है या फिर सोशल मीडिया या खबरों के जरिए ही जानकारी मिली।

खबरों के मुताबिक, आमिर खान या उनकी टीम की तरफ से पुलिस से कोई संपर्क नहीं किया गया है और न ही अभी तक कोई शिकायत दर्ज करवाई गई है। वहीं, महाराष्ट्र के गृहराज्य मंत्री योगेश कदम ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें भी इस बात की जानकारी प्राप्त हुई।

गृहराज्य मंत्री योगेश कदम ने यह भी स्पष्ट किया कि आमिर खान या उनकी टीम की तरफ से अभी तक कोई शिकायत नहीं दर्ज करवाई गई है, लेकिन पुलिस ने सुओमोटो के तहत मामले की जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा, “आमिर खान को पहले से ही सुरक्षा मिली हुई है (एक पुलिस वाला साथ में है), लेकिन इस घटना के बाद उनकी सुरक्षा का रिव्यू लेकर आवश्यकता के अनुसार बढ़ाया जाएगा। हमने उनके घर पर पुलिस का विजिलेंस बढ़ा दिया है। बिश्नोई गैंग लोगों को धमकी देकर सिर्फ वसूली करने का प्रयास करते हैं, हमारी पुलिस ऐसे मामलों में तुरंत एक्शन लेती है।”
उन्होंने बताया कि अनमोल (गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई) को भारत वापस जल्द ही लाया जाएगा। उन्होंने कहा, “आमिर खान भी इस समय भारत में नहीं है। वापस आने के बाद उनसे संपर्क किया जाएगा। किसी को भी इस बात पर घबराने की जरूरत नहीं है। मुंबई पुलिस हर तरह से सक्षम है। वह अभी मामले की जांच कर रही है।”
खबरों के मुताबिक, यह धमकी उनकी हालिया शादी और उससे जुड़ी व्यक्तिगत पसंद को लेकर दी गई है, जिसे धमकी देने वालों ने सांस्कृतिक और धार्मिक मान्यताओं के विरुद्ध बताया है।
(IANS)


