New Delhi: राहुल गांधी बच्चे हैं, उनकी जबसे संसद में सदस्यता गई है,तबसे लोकसभा सूना-सूना सा लगता है। ये बातें झारखंड के गोड्डा से बीजेपी सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कही है। दरअसल, निशिकांत दुबे राहुल गांधी द्वारा मणिपुर पर किये एक ट्वीट को लेकर उनका मजाक उड़ाते हुए ये बातें कह रहे थे।
पार्लियामेंट के बाहर न्यूज़ एजेंसी ANI से बात करते हुए एमपी निशिकांत दुबे ने कहा कि “राहुल और बच्चे में कोई फर्क नहीं है। राहुल गांधी भी एक बच्चे हैं। संसद में जबसे उनकी सदस्यता गई है तो वो आ नहीं रहे हैं, तब से लोकसभा सूना-सूना लग रहा है। जैसे हमारे- आपके घरों में बच्चों के कारण हंसी-खुशी और किलकारियां गूंजती है, क्योंकि बच्चों को बुद्धि तो होती नहीं है, वो उलूल-जुलूल बातें करते रहते हैं। तो इसी तरह राहुल गांधी और बच्चे में कोई फर्क नहीं है।”
सांसद निशिकांत ने आगे कहा कि ” राहुल गांधी के बिना संसद जिस तरह से सूना लगता है, वैसे ही अगर वो ट्वीट नहीं करें तो देश में लोगों को मजाक का एक साधन नहीं मिलेगा। जब भी उनका (राहुल गांधी) ट्वीट आता है तो देश भर में लोग बड़े चाव से उसे देखते हैं और वो मजाक के पात्र बनते हैं।”
निशिकांत दुबे ने कहा कि रही बात मणिपुर के हालात की तो मणिपुर में 1956-57 में आपने अफ्स्पा लगाया था। उस कारण आज ये स्थिति है। जो जवाब देना होगा प्रधानमंत्री देंगे और अविश्वास प्रस्ताव पर सारी बातों पर चर्चा होगी।