
Giridih: गिरिडीह में गुरुवार की सुबह डुमरी कुलगो टोल प्लाजा के पास उस वक़्त अफरा तफरी का माहौल हो गया जब तीन ट्रकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गयी और तीनों गाड़ियों में आग लग गई।

हादसे में दो ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि एक ट्रक आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में एक ट्रक के ड्राइवर और खलासी गाड़ी में दब गए और वो बाहर नहीं निकल सके। कुछ देर बाद उनकी जलने से मौत हो गई। खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी।

ऐसे हुआ हादसा
दरअसल, टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे कई ट्रक खड़े थे और उनके चालक-उपचालक उसमें आराम कर रहे थे। इसी दौरान बगोदर की ओर से डुमरी की दिशा में आ रहा एक तेज रफ्तार गुड़ लदा ट्रक अनियंत्रित हो गया और उसने मक्का लदे खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मक्का लदा ट्रक आगे खड़े कोयला लदे ट्रक से जा टकराया, जिससे तीनों वाहन आपस में भिड़ गए। टक्कर के तुरंत बाद तीनों ट्रकों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लपटें आसमान तक उठने लगीं। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कोई भी पास नहीं जा सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुड़ लदे ट्रक में फंसे चालक और उपचालक बाहर निकल नहीं सके और आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचित किया गया।
दमकल की टीम के पहुंचने के बाद काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक दो ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे, जबकि एक ट्रक को आंशिक रूप से बचाया जा सका।
इस हादसे में एक अन्य ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल रेफरल अस्पताल, डुमरी में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।
घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा, बाद में पुलिस के प्रयास से स्थिति को सामान्य कर लिया गया।
इधर, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


