Deoghar News : एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (ASI) के झारखंड राज्य चैप्टर के 25वें वार्षिक सम्मेलन ‘जैसिकॉन-2026’ के दूसरे दिन शनिवार की शुरुआत साइक्लोथॉन से हुई। सुबह 6:30 बजे शिवलोक हॉस्पिटल से निकली साइकिल रैली मैहर गार्डन रिसॉर्ट पहुंची। इसमें लगभग 20 से 30 सर्जनों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

‘पैडल चलाओ, सेहत बनाओ’ के संदेश के साथ निकाली गई इस रैली के माध्यम से लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। सम्मेलन के मुख्य हॉल में दिनभर सर्जरी से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्याख्यान और चर्चा हुई। दिन का प्रमुख आकर्षण तीन ओरेशन रहे।

डॉ. योगेंद्र सिंह ओरेशन में डॉ. मरुथुपांडियन ने सर्जरी के दौरान होने वाली गलतियों से सीखने के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, डॉ. ए.के. श्रीवास्तव ओरेशन में डॉ. प्रताप सिंह के. वरुटे ने गंभीर चोट के बाद होने वाले शॉक के उपचार की नई सोच पर व्याख्यान दिया। डॉ. ए.के. सहाय ओरेशन में डॉ. गड्डी दिवाकर ने सुरक्षित सर्जरी के नए तरीकों की जानकारी दी।
अतिथि व्याख्यान सत्र में डॉ. मधुमिता मुखोपाध्याय ने स्तन की ऐसी सामान्य बीमारी के बारे में बताया, जो कैंसर जैसी दिखाई देती है। डॉ. मधुर उनियाल ने एम्स ऋषिकेश के ट्रॉमा सिस्टम से जुड़े अनुभव साझा किए। डॉ. शिवाकांत मिश्रा ने सर्जनों को तनाव और थकान से बचने के उपाय बताए, जबकि डॉ. तमोनस चौधरी ने सर्जरी के दौरान होने वाली जटिलताओं से सीखने के महत्व पर चर्चा की।

दोपहर बाद पित्त नली की पथरी के उपचार के दो तरीकों, एक चरण में लेप्रोस्कोपिक सर्जरी और ईआरसीपी के बाद लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, को लेकर बहस आयोजित की गई। झारखंड समेत अन्य राज्यों से पहुंचे वरिष्ठ सर्जनों ने विभिन्न सत्रों में अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए। इसके साथ ही एंडोस्कोपी की लाइव कार्यशाला भी आयोजित की गई।
पीजी चिकित्सकों ने प्रस्तुत किए शोध-पत्र और सर्जिकल वीडियो
सम्मेलन के दो अन्य हॉल में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों के मेडिकल कॉलेजों से आए पीजी चिकित्सकों ने शोध-पत्र, ई-पोस्टर और सर्जिकल वीडियो प्रस्तुत किए। सभी प्रस्तुतियों का मूल्यांकन वरिष्ठ सर्जनों के निर्णायक मंडल ने निर्धारित मानकों के आधार पर अंक देकर किया। प्रतियोगिता के विजेताओं को रविवार को पुरस्कृत किया जाएगा।
शनिवार शाम 6:30 बजे सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। वहीं, रविवार 22 नवंबर को सुबह 9:50 बजे पीजी क्विज ‘स्कैल्पल एंड बियॉन्ड’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें सात टीमें भाग लेंगी। विजेता टीम एएसआई की राष्ट्रीय पीजी क्विज में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी।
इसके बाद पुरस्कार वितरण और समापन समारोह आयोजित होगा। सम्मेलन के मुख्य संरक्षक डॉ. आर.पी. श्रीवास्तव, आयोजन अध्यक्ष डॉ. जुगल किशोर चौधरी, एएसआई झारखंड के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार, आयोजन सचिव डॉ. कुमार गौरव, एएसआई झारखंड के सचिव डॉ. राजेश कुमार सिंह, आयोजन कोषाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार और एएसआई झारखंड के कोषाध्यक्ष डॉ. बी.एन. प्रसाद सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी सम्मेलन को सफल बनाने में जुटे हैं।



