Deoghar : सुल्तानगंज-देवघर मार्ग पर जसीडीह थाना क्षेत्र के कोठिया मोड़ के समीप शुक्रवार अहले सुबह करीब पांच बजे हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि सात लोग घायल हो गये। छठ व्रतियों को गंगा स्नान कराकर लौट रही आर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक बड़े लिप्टस के पेड़ से टकरा गयी।

हादसे में कार सवार मोहनपुर थाना क्षेत्र के खासपालक गांव निवासी लालू राउत की मौत हो गयी। वहीं आशीष कुमार, पुतुल देवी, तारा देवी, बंटी देवी, ममता देवी, शांति देवी और किशन राउत घायल हो गये। घटना की सूचना मिलते ही जसीडीह थाना के एसआइ सचित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकालकर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर कुंदन कुमार ने जांच के बाद लालू राउत को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
बाद में गंभीर रूप से घायल पुतुल देवी और आशीष कुमार को कुंडा स्थित मेधा अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी सदर अस्पताल पहुंचे। मृतक के पुत्र ने बताया कि छठ पूजा को लेकर उनके परिजन गुरुवार रात करीब सात बजे गंगा स्नान करने सुल्तानगंज गये थे।
वहां से लौटने के दौरान शुक्रवार अहले सुबह करीब पांच बजे सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन से चकमा मिलने के कारण कार चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गयी।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि कार चालक को झपकी आ गयी थी, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गयी, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गये।



