Deoghar : राजकीय रेल पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन संख्या 18183 टाटा-बक्सर एक्सप्रेस के पिछले जनरल डिब्बे से 6.40 किलोग्राम गांजा जैसा संदिग्ध पदार्थ बरामद किया गया है। बरामदगी के दौरान एक गुलाबी रंग का ट्रॉली बैग भी जब्त किया गया है। आरपीएफ की ओर से की गई कार्रवाई के संबंध में राजकीय रेल पुलिस, जसीडीह को लिखित सूचना देकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।

आरपीएफ पोस्ट जसीडीह के उप निरीक्षक कालिदास हांसदा द्वारा दी गई लिखित सूचना के अनुसार, मुखबिर से पोस्ट कमांडर को जानकारी मिली थी कि ट्रेन संख्या 18183 के पिछले जनरल बोगी में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद पोस्ट कमांडर शिव शंकर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर ट्रेन की जांच करने का निर्णय लिया गया। टाटा-बक्सर एक्सप्रेस के जसीडीह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर करीब 14:50 बजे पहुंचने के बाद पिछले जनरल डिब्बों की सघन तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान उप निरीक्षक संतोष कुमार और आरक्षी बलबीर कुमार को पीछे से दूसरे जनरल कम्पार्टमेंट के ऊपर बंकर में गुलाबी रंग का एक ट्रॉली बैग संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। ट्रेन में मौजूद यात्रियों से बैग के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी उस पर अपना दावा नहीं किया।
इसके बाद संदेह के आधार पर ट्रॉली बैग को जसीडीह रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज के निकट उतारा गया। बैग की जांच करने पर पीले रंग के सेलो टेप से लिपटे छह पैकेट मिले। पैकेटों को खोलकर जांच करने पर उसमें गांजा जैसा संदिग्ध पदार्थ पाया गया। मामले की सूचना तत्काल वरीय अधिकारी को दी गई। अधिकारी के निर्देश पर एरिया ऑफिसर जसीडीह रामगोपाल सिंह को लिखित सूचना देकर देवघर रेलवे स्टेशन से बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में बरामद पदार्थ का वजन कराया गया।
इसके लिए प्लेटफॉर्म संख्या तीन के दक्षिण दिशा में स्थित मुन्ना मोदी की राशन दुकान से वजन मशीन मंगाई गई। वजन करने पर छह पैकेटों में मिले संदिग्ध पदार्थ का कुल वजन 6.40 किलोग्राम पाया गया। लिखित सूचना के अनुसार, जब्ती सूची उप निरीक्षक कालिदास हांसदा द्वारा शाम 17:10 बजे से 17:45 बजे तक तैयार की गई। स्वतंत्र गवाह उपलब्ध नहीं होने के कारण मौजूद आरपीएफ कर्मियों को गवाह बनाया गया।
जब्ती की कार्रवाई एरिया ऑफिसर रामगोपाल सिंह की उपस्थिति में की गई। आरपीएफ ने ट्रॉली बैग सहित उसमें बरामद 6.40 किलोग्राम गांजा जैसा संदिग्ध पदार्थ लावारिस अवस्था में जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस, जसीडीह के समक्ष प्रस्तुत किया है।



