Deoghar News : जसीडीह थाना क्षेत्र के अलगजारा गांव में जमीन से मिट्टी उठाने का विरोध करने पर एक पक्ष के चार लोगों द्वारा फरसा व भुजाली से हमला कर पांच लोगों को गंभीर रूप से जख्मी करने का मामला सामने आया है। घटना 4 अक्टूबर की सुबह करीब सात बजे की बतायी गयी है।

मामले को लेकर 63 वर्षीय सनिचारिया देवी, पति छोटन दास ने जसीडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर चार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले के अनुसार सनिचारिया देवी के गोतिया रामकिशुन दास के घर के बगल उनकी जमीन है।

आरोप है कि उक्त जमीन से मिट्टी उठायी जा रही थी। इसका उनके पति छोटन दास ने विरोध किया। इसी बात को लेकर रामकिशुन दास, उसका पुत्र संजय दास वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि इसी दौरान रामकिशुन दास की पत्नी मुनिया देवी और बेटी गुड़िया देवी भी घर से लोहे का फरसा व भुजाली लेकर निकलीं। मामले में कहा गया है कि मुनिया देवी ने अपने हाथ का फरसा रामकिशुन दास को और गुड़िया देवी ने फरसा संजय दास को दे दिया।
इसके बाद चारों ने कथित तौर पर छोटन दास को जान से मारने की धमकी देते हुए फरसा व भुजाली से शरीर पर कई वार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
बचाने पहुंचे परिजनों पर भी हमला
शोर सुनकर छोटन दास को बचाने के लिए उनके पुत्र उपेंद्र दास, सिकंदर दास, बहू फुलमनी देवी और पोता विक्रम कुमार घर से बाहर निकले। मामले में आरोप लगाया गया है कि चारों आरोपितों ने इन लोगों के साथ भी गाली-गलौज करते हुए फरसा व भुजाली से सिर और शरीर पर कई वार किये जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गये।
घटना के दौरान आसपास के ग्रामीणों को आते देख आरोपितों द्वारा कथित तौर पर धमकी दी गयी कि मिट्टी उठाने से मना करोगे तो जान से हाथ धोना होगा। इसके बाद सभी अपने घर चले गये।घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पांचों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल देवघर ले जाया गया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए एम्स देवीपुर रेफर कर दिया गया। मामले के अनुसार सभी घायल फिलहाल एम्स देवीपुर में भर्ती हैं। सनिचारिया देवी ने जसीडीह थाना पुलिस से मामले में नामजद रामकिशुन दास, संजय दास, मुनिया देवी और गुड़िया देवी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।



