
Deoghar: मरीजों को समय पर इलाज पहुंचाने के लिए अब 24 घंटे मुफ्त एंबुलेंस सेवा गोड्डा लोकसभा में उपलब्ध है। गोड्डा लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे की पहल से “नमो एंबुलेंस सेवा” का उद्घाटन सोमवार को देवघर में हुआ।

गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा सोमवार को अपने देवघर आवास ‘शिवधाम’ से सात ‘नमो एंबुलेंस’ का शुभारंभ किया गया।

इस मौके पर सांसद ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू की गई यह सेवा ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधा को मजबूत करेगी। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में देरी नहीं होगी।
सांसद ने कहा कि पिछले दो वर्षों से एंबुलेंस की कमी के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचने में काफी परेशानी होती थी। इसे देखते हुए यह पहल की गई है। ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तत्काल मदद मिल सके। इन एंबुलेंस की खरीदारी सांसद द्वारा निजी खर्च से की गई है।
अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस 24×7 फ्री ये एंबुलेंस गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में तैनात की गई है। इनमें देवघर, मधुपुर, जरमुंडी, पोड़ैयाहाट, गोड्डा व महागामा विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। सातवीं एंबुलेंस बाबा बैद्यनाथ मेडिकल कॉलेज में विशेष सेवा के लिए उपलब्ध रहेगी, ताकि बाबाधाम आने वाले श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सहायता तत्काल मिल सके।
मरीज या परिजन टोल-फ्री नंबर 1800 11 2500 पर कॉल करके 24 घंटे, 365 दिन मुफ्त एंबुलेंस सेवा ले सकेंगे।

इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना है, ताकि आपातकाल की स्थिति में लोगों को समय पर और सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया जा सके।
‘शिवधाम’ में हुए उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय लोग, भाजपा कार्यकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


