Deoghar/Jasidih : ऑपरेशन सतर्क (Operation Satark) के तहत जसीडीह आरपीएफ पोस्ट की टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को शराब के साथ पकड़ा है। पकड़े गए लोगों के पास से कुल 1,07,100 रुपये मूल्य की 1,09,500 एमएल शराब बरामद की गई है। कार्रवाई के बाद तीनों को जब्त शराब, बैग, जब्ती सूची एवं संबंधित दस्तावेजों के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, देवघर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पकड़े गए लोगों में बिहार के पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के नया टोला देदौर निवासी स्व. उमेश राय के 18 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार, देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के कजरिया कॉलोनी निवासी स्व. ग्रीश प्रसाद सिंह के 43 वर्षीय पुत्र अमित कुमार सिंह तथा पटना जिले के पंडारक थाना क्षेत्र के पंडारक निवासी बलराम यादव के 23 वर्षीय पुत्र विकास कुमार शामिल हैं।

आरपीएफ की रिपोर्ट के अनुसार, 5 अक्टूबर को एलसीटी/निर्मा मीणा ट्रेन संख्या 18184/13035 की एस्कॉर्टिंग ड्यूटी पूरी कर आरपीएफ पोस्ट जसीडीह लौट रही थीं। इसी दौरान मिडिल फुट ओवरब्रिज से गुजरते समय उनकी नजर तीन युवकों पर पड़ी, जो तीन बैग लेकर संदिग्ध स्थिति में खड़े थे। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना आईपीएफ देवनारायण को दी।सूचना
मिलते ही आईपीएफ देवनारायण के साथ ड्यूटी पर तैनात डीओ/एएसआई के. साहिल तथा सीआईबी/जसीडीह के एसआई एमके सिंह और एचसी पीके सिंह मौके पर पहुंचे।
पोस्ट कमांडर जसीडीह की निगरानी में तीनों से पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान बताई। आरपीएफ के अनुसार, तीनों ने बताया कि उनके बैग में शराब है और वे इसे निजी लाभ के लिए बेचने के उद्देश्य से किऊल (बिहार) ले जाने वाले थे।
विवेक के बैग से 24,600 रुपये की शराब
विवेक कुमार के पास मिले विमल कंपनी के बैग की तलाशी लेने पर रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की की 750-750 एमएल की 10 बोतल, मैजिक मोमेंट्स व्हिस्की की 750-750 एमएल की 10 बोतल तथा रॉयल चैलेंज फाइनेस्ट/फाइनेस्टेड प्रीमियम व्हिस्की की 750-750 एमएल की 10 बोतल बरामद हुई। प्रत्येक बोतल का मूल्य 820 रुपये बताया गया है। तीनों ब्रांड की कुल मात्रा 22,500 एमएल तथा कुल मूल्य 24,600 रुपये है।
अमित के पास से 9 हजार की बीयर बरामद
अमित कुमार सिंह के पास मिले काले रंग के सफेद लाइन वाले बैग से द लीजेंडरी सुप्रीम स्ट्रांग बीयर-गॉडफादर की 500-500 एमएल की 60 बोतल/कैन बरामद की गई। इसकी कुल मात्रा 30,000 एमएल तथा कुल मूल्य 9,000 रुपये बताया गया है।
विकास के बैग से 10,500 की बीयर
विकास कुमार के पास मिले काले रंग के सफेद लाइन वाले बैग से द लीजेंडरी सुप्रीम स्ट्रांग बीयर-गॉडफादर की 500-500 एमएल की 64 बोतल/कैन तथा किंगफिशर स्ट्रांग बीयर की 500 एमएल की छह बोतल/कैन बरामद की गई। गॉडफादर बीयर की कुल मात्रा 32,000 एमएल और कीमत 9,600 रुपये, जबकि किंगफिशर की कुल मात्रा 3,000 एमएल और कीमत 900 रुपये है। दोनों को मिलाकर कुल मात्रा 35,000 एमएल और मूल्य 10,500 रुपये है।
आरपीएफ के अनुसार, सभी निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए उपलब्ध गवाहों की मौजूदगी में शराब को जब्त किया गया। हालांकि, कानूनी जटिलताओं एवं संभावित परेशानी की आशंका के कारण कोई स्वतंत्र सार्वजनिक गवाह जब्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आगे नहीं आया।
जब्त शराब को सुरक्षित अभिरक्षा में लिया गया तथा तीनों को संबंधित कथित अपराध के सिलसिले में हिरासत में लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों पकड़े गए लोगों को जब्त शराब, बैग, जब्ती सूची एवं अन्य संबंधित दस्तावेजों के साथ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, देवघर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।



