
Madhupur (Deoghar): देवघर जिले के मधुपुर में दो गुटों की झड़प के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। मामला मधुपुर थाना क्षेत्र के लालगढ़ मोहल्ले का है। जहां एक सौ वर्ष पुराने धार्मिक स्थल के जीर्णोद्धार कार्य को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद शुरू हुआ और यह देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। जिसमें दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत बुधवार रात को ही शुरू हो गई थी। लालगढ़ मोहल्ले में स्थित करीब 100 साल पुराना धार्मिक स्थल एक तरफ से झुक गया था। स्थानीय परिवार अपनी कुलदेवी के स्थान यानी धार्मिक स्थल की मरम्मति और प्लास्टर का काम करवा रहे थे। जिसको लेकर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। यहीं से विरोध की चिंगारी भड़की, जिसने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया।

कहासुनी ने लिया हिंसक रूप

बुधवार रात को सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और उस समय मामला शांत करा दिया। लेकिन सुबह होते ही एक बार फिर माहौल गरमा गया और दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों तरफ से मारपीट और पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस झड़प में करीब 12 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है।
अलर्ट मोड में प्रशासन
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया।मधुपुर एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल ने मोर्चा संभाला। मौके पर मधुपुर, पथरौल, बुढई और मारगोमुंडा थाना की पुलिस टीमों को लालगढ़ में तैनात किया गया है। स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस संवेदनशील गलियों में लगातार गश्त कर रही है।

हिंदू झारखंड में अपने ज़मीन पर मंदिर भी नहीं बना सकते: सांसद
इधर, इस मामले को लेकर स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे ने झारखंड सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा ‘हिंदू झारखंड में अपने ज़मीन पर मंदिर भी नहीं बना सकते । आज मेरे लोकसभा के मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के लालगढ की घटना । मंत्री हफ़ीज़ अंसारी के भूमिका की जाँच होनी चाहिये । मुस्लिम समुदाय के लोगों ने महिलाओं और बच्चों को भी निशाना बनाया । यही कॉंग्रेस,झामुमो,राजद का असली चरित्र है ।’
प्रशासन ने की अफवाहों से दूर रहने की अपील
इधर , प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



