Koderma: देवघर, कोडरमा, गिरिडीह और पलामू क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेल मंत्रालय ने चोपन-मधुपुर के बीच नई ट्रेन के संचालन को मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड ने टाइम टेबल और स्टॉपेज का पत्र जारी कर दिया है। अब पूर्व मध्य रेलवे की ओर से परिचालन की तिथि की घोषणा की जाएगी।

गाड़ी संख्या 13341/13342 चोपन-मधुपुर-चोपन एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन चलेगी, जिससे पलामू का सीधा रेल संपर्क देवघर से जुड़ जाएगा।

रेलवे बोर्ड द्वारा जारी टाइम टेबल के अनुसार, गाड़ी संख्या 13341 चोपन-मधुपुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार, सोमवार और बुधवार को चोपन से सुबह 10:40 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 11:30 बजे मधुपुर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 13342 मधुपुर-चोपन एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार, मंगलवार और गुरुवार को मधुपुर से सुबह 4:00 बजे खुलेगी और शाम 5:00 बजे चोपन पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव रेणुकूट, नगर उटारी, रमना, गढ़वा टाउन, गढ़वा रोड, डालटनगंज, बरवाडीह, लातेहार, टोरी, खलारी, पतरातू, बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, बरही, कोडरमा, महेशपुर, नवाडीह, धनवार, जमुआ और न्यू गिरिडीह स्टेशनों पर दिया गया है।
ट्रेन में LHB रैक के कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इसमें 6 जनरल, 8 स्लीपर, 4 थर्ड एसी, 1 सेकंड एसी और 1 जनरेटर कार शामिल होगी।
इस नई ट्रेन के शुरू होने से पलामू, गढ़वा, लातेहार के साथ-साथ कोडरमा, हजारीबाग और गिरिडीह के यात्रियों को देवघर जाने के लिए सीधी ट्रेन की सुविधा मिलेगी।



