
Deoghar : पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार की जा रही कार्रवाई के तहत पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 6 सितंबर को पालाजोरी थाना क्षेत्र से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पालाजोरी क्षेत्र में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट/अमेजन पे के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी, गूगल पर फोन-पे कस्टमर केयर प्रतिनिधि तथा पीएम किसान योजना के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में इलियास अंसारी, साकिन सागराजोर, थाना पालाजोरी, जिला देवघर तथा साहिल अंसारी, साकिन बरदडुबा, थाना पालाजोरी, जिला देवघर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के पास से बरामद मोबाइल फोन व सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में उनकी संलिप्तता पाई गई है।
तकनीकी जांच के बाद जब्त मोबाइल नंबर एवं आइएमइआइ नंबरों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायत दर्ज पाए जाने की बात भी सामने आई है।
एपीके फाइल भेजकर लेते थे मोबाइल का एक्सेस
पुलिस के अनुसार आरोपितों की अपराध शैली में पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेना और उसके बाद ठगी करना शामिल है। इसके अलावा फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को झांसे में लिया जाता था। एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद कर उपभोक्ताओं को झांसा दिया जाता था तथा कार्ड को दोबारा चालू कराने के नाम पर भी ठगी की जाती थी।
चार मोबाइल व तीन सिम बरामद
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार दोनों आरोपितों के पास से पुलिस ने चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद सामानों की तकनीकी जांच की जा रही है।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
कार्रवाई में पुनि नागेन्द्र कुमार मंडल, साइबर थाना देवघर, पुअनि संजय कुमार, पालाजोरी थाना प्रभारी तथा पालाजोरी थाना की टीम शामिल रही।



