
Ranchi: झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के बाद उनके करीबी सहयोगियों को उनसे जुड़ी बातचीत और मुलाकातें बार-बार याद आ रही हैं. इसी क्रम में राज्य सरकार की सहयोगी मंत्री दीपिका सिंह ने दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से हुई हाल की बातचीत का जिक्र करते हुए एक बेहद भावुक प्रसंग साझा किया.

मंत्री दीपिका सिंह ने बताया कि सुदिव्य कुमार सोनू से हाल में ही उनकी बातचीत हुई थी. बातचीत के दौरान सोनू ने अपनी बेटी के विवाह को लेकर चर्चा की थी. उन्होंने कहा था कि “बिटिया का विवाह करना है.” बेटी के विवाह को लेकर उनके मन में कई योजनाएं थीं और वह अपने पारिवारिक दायित्वों को लेकर उत्साहित थे. लेकिन किसे पता था कि बेटी के हाथ पीले करने का उनका यह अरमान अधूरा ही रह जाएगा. जिस पिता के मन में बेटी की शादी को लेकर सपने और तैयारियों की बातें थीं, उनका अचानक दुनिया से चले जाना परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक है.

मंत्री के निधन की खबर मिलने के बाद रविवार सुबह मीडिया से बातचीत में मंत्री दीपिका सिंह भावुक नजर आईं. उन्होंने कहा कि सुबह-सुबह सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की खबर सुनना बेहद पीड़ादायक है. उन्होंने कहा कि राज्य ने एक अच्छा व्यक्तित्व, एक कर्मठ जनप्रतिनिधि और एक समर्पित राजनीतिक कार्यकर्ता खो दिया है.
उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू के साथ राजनीतिक और व्यक्तिगत स्तर पर लगातार संवाद रहा. वह मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे और अपने क्षेत्र तथा राज्य के मुद्दों को लेकर हमेशा सक्रिय रहते थे. उनके अचानक चले जाने की खबर पर विश्वास करना कठिन है.
दीपिका सिंह ने सुदिव्य सोनू के साथ अपने संबंधों को याद करते हुए कहा कि उनके साथ बातचीत केवल राजनीतिक मुद्दों तक सीमित नहीं रहती थी. व्यक्तिगत और पारिवारिक विषयों पर भी चर्चा होती थी. बेटी के विवाह की बात इसी आत्मीय बातचीत का हिस्सा थी.
सुदिव्य सोनू की अचानक मौत ने उनके उन सभी सपनों को अधूरा छोड़ दिया, जिन्हें लेकर वह आने वाले दिनों की योजना बना रहे थे. खासकर बेटी के विवाह को लेकर कही गई उनकी बात अब परिवार और करीबी लोगों के लिए भावुक स्मृति बन गई है.



