
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के बैद्यनाथपुर निवासी कविता देवी साइबर ठगी का शिकार हो गयीं। अज्ञात मोबाइल धारक ने महिला को कॉल कर पहले बताया कि उनके नाम से पांच लाख रुपये का गिफ्ट आ रहा है। इसके बाद अलग-अलग चार्ज के नाम पर क्यूआर कोड भेजकर कुछ पैसे मंगाये गये।

महिला को गिफ्ट मिलने की उम्मीद दिलाकर आरोपी ने धीरे-धीरे उन्हें अपने झांसे में ले लिया। इसके बाद साइबर ठग ने महिला को यह कहकर डराना शुरू कर दिया कि उनके खिलाफ केस हो गया है और उन्हें जेल जाना होगा। जेल जाने के भय से परेशान महिला को मामला मैनेज करने के नाम पर पैसे देने को कहा गया। आरोपी की बातों में आकर कविता देवी ने फोन पे के माध्यम से कुल 80 हजार रुपये भेज दिये।
आठ बार में ठगी गयी रकम

बताया गया कि दो सितंबर से महिला के साथ कुल आठ बार में पैसे की ठगी की गयी। रकम लेने के बाद भी अज्ञात मोबाइल धारक लगातार और पैसे की मांग करता रहा। बार-बार पैसे मांगने पर कविता देवी को साइबर ठगी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। मामले की जानकारी परिजनों को देने के बाद कविता देवी शिकायत लेकर साइबर थाना पहुंचीं।
उन्होंने पुलिस को बताया कि अज्ञात मोबाइल धारक ने पहले पांच लाख रुपये का गिफ्ट आने की बात कहकर विश्वास में लिया। विभिन्न चार्ज के नाम पर क्यूआर कोड भेजकर पैसे मंगाने के बाद केस में फंसने और जेल जाने का डर दिखाया। इसके बाद मामला मैनेज करने के नाम पर फोन पे से रकम ट्रांसफर करायी गयी।
80 हजार जाने के गम में खाना तक नहीं खा रही
साइबर ठगी में 80 हजार रुपये गंवाने के बाद कविता देवी काफी परेशान हैं। बताया गया कि पैसे चले जाने के गम में वह खाना तक नहीं खा रही हैं। कविता देवी गृहिणी हैं, जबकि उनके पति शहर के ही किसी गोदाम में मजदूरी करते हैं। ऐसे में परिवार के लिए 80 हजार रुपये की रकम काफी मायने रखती है।
शिकायत के बाद साइबर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अज्ञात मोबाइल धारक द्वारा महिला को कॉल करने, क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे मंगाने और दो सितंबर से आठ बार में 80 हजार रुपये की ठगी किये जाने से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।



