
Dhanbad/Chatra : झारखंड के धनबाद और चतरा जिलें में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में दो युवकों के शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र की है, जहां भेलाटांड़ स्थित बिनोद बिहारी कोयलांचल विश्वविद्यालय के सामने सड़क किनारे एक 26 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका पाया गया।

मृतक की पहचान ठाकुरकुल्ही निवासी राकेश कुमार वर्मा उर्फ आकाश वर्मा (26) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, चार भाइयों में तीसरे नंबर पर रहने वाला राकेश मजदूरी करता था और सोमवार को काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, जिसके बाद उसकी मौत की खबर आई। बरवाअड्डा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
दूसरी घटना चतरा जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़िया गांव की है, जहां निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र के समीप स्थित पुल के नीचे से 36 वर्षीय विजय यादव का शव बरामद हुआ। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि विजय की कहीं और हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को पुल के नीचे फेंका गया है।
उल्लेखनीय है कि गड़िया गांव में पिछले दो महीनों के भीतर संदिग्ध परिस्थिति में मौत की यह दूसरी घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
राजपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और चतरा सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के लिखित आवेदन, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (IANS)



