
Deoghar : कुंडा थाना क्षेत्र के करनीबाग मोहल्ला निवासी चन्द्रावती देवी ने अपने मकान को हड़पने की नीयत से पड़ोसियों पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज मामले के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। चन्द्रावती देवी ने मामले में कहा है कि वह पति श्रीकृष्ण मोहन सिंह के साथ करनीबाग मोहल्ले की निवासी हैं और वर्तमान में अपने पुत्र के साथ पटना में रहती हैं।

वर्ष में एक-दो बार अपने देवघर स्थित मकान की साफ-सफाई और देखभाल के लिए आती हैं। उनका आरोप है कि मकान के पड़ोसी अमित सिंह, उनकी सास, अमित सिंह के साला, पुत्र गोलू कुमार और पत्नी सोनी कुमारी उनके बने मकान को हड़पने की नीयत से उन्हें परेशान करते हैं।

मामले में महिला ने आरोप लगाया है कि उक्त लोग उन्हें तरह-तरह से प्रताड़ित करते हुए कहते हैं कि जो पैसा लेना है, ले लो, नहीं तो अंजाम बुरा होगा। चन्द्रावती देवी के अनुसार, वह अब तक उनकी बातों को अनदेखा करती रही थीं।
पानी बहाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
महिला ने बताया कि 28 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे पानी बहाने को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान गाली-गलौज करते हुए उनके बाल पकड़कर जान मारने की नीयत से दीवार में कई बार सिर टकराया गया। इसके बाद लाठी-डंडे से भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
मामले में बताया है कि वह हृदय रोग से पीड़ित हैं और उनकी सर्जरी भी हो चुकी है। इसके बावजूद आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की। दीवार से सिर टकराने के क्रम में वह बेहोश हो गईं। महिला का आरोप है कि आरोपित उन्हें मरा हुआ समझकर वहां से चले गए।
स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल में कराया इलाज
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से चन्द्रावती देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल, देवघर ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। घटना की जानकारी उन्होंने अपने पुत्र को दी।
पुत्र के देवघर आने के बाद महिला ने कुंडा थाना में लिखित शिकायत देकर मामले की उचित जांच और नामित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



