
Deoghar: देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के घोरमारा स्थित संजय मंडल पेडा भंडार में पेड़ा के मूल्य को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है।

घटना को लेकर गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के वृंदा गांव निवासी विवेक कुमार ने 28 अगस्त को मोहनपुर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करया है।

मामले में विवेक कुमार ने कहा है कि वह अभिनंदन कुमार, बिट्टू कुमार, सावित्री देवी, कौशल्या देवी आदि के साथ बासुकीनाथ से पूजा कर लौट रहे थे। इसी क्रम में सभी लोग घोरमारा स्थित संजय मंडल पेडा भंडार में रुके। वहां पेड़ा की कीमत को लेकर बातचीत हुई। दुकान की ओर से पेड़ा का मूल्य 350 रुपये प्रति किलो बताया गया, जबकि उनलोगों ने 250 रुपये प्रति किलो देने की बात कही।
आवेदन के अनुसार, यह कीमत दुकान संचालक को उचित नहीं लगी।
विवेक कुमार ने मामले में आरोप लगाया है कि इसके बाद जब सभी लोग अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से जाने लगे, तभी पेडा भंडार से एक युवक आया और उन्हें वहां से जाने के लिए कहने लगा। इसी दौरान युवक द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है।
दर्ज मामले के अनुसार विवाद बढ़ने पर सभी लोग युवक को समझाने लगे। इसी बीच मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गयी। आरोप है कि युवक को बचाने के दौरान उसकी मां सावित्री देवी ने उसे पकड़ लिया। इसी दौरान विवेक कुमार के सिर में चोट लग गयी और उनका माथा फट गया।
विवेक कुमार ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने कि मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।



