
Deoghar : पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 22 अगस्त 2026 को सारठ थाना क्षेत्र से नौ संदिग्ध साइबर अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि सारठ थाना क्षेत्र में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी विभिन्न फर्जी तरीकों से आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के आलोक में छापेमारी कर नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर करते थे ठगी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों के पास से बरामद मोबाइल फोन व सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता पाई गई है। गिरफ्तार आरोपित फर्जी गूगल-पे, फोन-पे और पेटीएम कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देते थे।
इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान आदि के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेने के बाद ठगी करने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपित उपभोक्ताओं को सहायता देने अथवा कार्ड को दोबारा चालू कराने के नाम पर भी झांसे में लेकर साइबर ठगी करते थे।
18 मोबाइल और 17 सिम कार्ड बरामद
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपितों के पास से 18 मोबाइल फोन और 17 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस की तकनीकी जांच के बाद पकड़े गए आरोपितों के पास से जब्त मोबाइल नंबर एवं आईएमईआई नंबरों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज पाए जाने की बात कही गई है।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम-पते
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में निरंजन महरा, निवासी फूलचुवां, आदर्श महरा, निवासी नयाखरना; दीपक कुमार, निवासी सगरूबाद, शुभम कुमार दास निवासी नयाखरना, थाना सारठ, राहुल कुमार दास, निवासी दुधवाजोरी, सौरभ कुमार दास निवासी बभनकुण्ड, सुमित कुमार दास एवं कुन्दन दास, निवासी उबिया, थाना सारठ (पथरड्डा ओपी) तथा उत्तम कुमार दास, निवासी दुमदुमी, थाना चितरा, सभी जिला देवघर शामिल हैं।
दो आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी मिला
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में सौरभ कुमार दास और राहुल कुमार दास पूर्व में क्रमशः देवघर साइबर थाना कांड संख्या 53/25 एवं 36/25 में आरोपित हैं।
इनकी रही छापेमारी में भूमिका
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार मंडल साइबर थाना देवघर पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार साह, थाना प्रभारी सारठ थाना; एवं सारठ थाना की टीम शामिल थी। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जा रही है।



