Deoghar : कुंडा थाना क्षेत्र के छिट करनीबाग बंधा इलाके में बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी समेत जेवरात की चोरी कर ली। घटना के संबंध में गृहस्वामी संजय राउत ने कुंडा थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद कुंडा पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

बताया जाता है कि पीड़ित संजय राउत के पिता का तीन दिन पूर्व निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद संजय राउत अपने परिवार के साथ अपने पैतृक गांव जसीडीह थाना क्षेत्र के कोईरिडीह गांव गए थे। इसी दौरान उनका घर बंद था।

शुक्रवार को परिवार के साथ जब वह गांव से वापस अपने घर लौटे तो मुख्य दरवाजा का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाने पर कमरे में रखी अलमारी का लॉक भी टूटा पाया। अलमारी और कमरे में रखा पूरा सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद गृहस्वामी ने अलमारी में रखे सामान की जांच की तो नकदी और जेवरात गायब मिले।
शिकायत के अनुसार चोरों ने अलमारी में रखे 26 हजार रुपये नकद, सोने का चेन, दो अंगूठी, कान की बाली एवं कान के अन्य तीन पीस आभूषण, चांदी का दो जोड़ा पायल, चांदी की अंगूठी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। घर बंद रहने के दौरान हुई इस चोरी की जानकारी परिवार के लौटने के बाद हुई।
घटना के बाद पीड़ित ने मामले की सूचना कुंडा थाना पुलिस को दी और लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। कुंडा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ ही चोरी की घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।



