
Deoghar News : हृदय गति रुकने से 58 वर्षीय हवलदार भूमि पासवान की मौत हो गयी। भूमि पासवान देवघर जिला में पदस्थापित थे। वे मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिले के पीरीबाजार थाना क्षेत्र के अभयपुर कशीचक के रहने वाले थे और वर्तमान में बेलगबान स्थित पुलिस लाइन में रह रहे थे।

श्रावणी मेला में उनकी ड्यूटी नेहरू पार्क पर लगी थी। बताया जाता है कि रविवार को ड्यूटी समाप्त करने के बाद वे अपने कमरे में चले गये। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गयी। साथियों ने उन्हें इलाज के लिए रात में देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया।

इलाज के बाद उन्हें वापस कमरे पर पहुंचा दिया गया। देर रात दोबारा तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एंबुलेंस से इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद साथियों ने फोन पर घटना की सूचना उनके परिजनों को दी। सोमवार की सुबह परिजन देवघर पहुंचे।
सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ ओपी पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने बताया कि भूमि पासवान देवघर में अकेले रहकर ड्यूटी करते थे, जबकि परिवार के सभी सदस्य गांव में ही रहते थे।उनके दो बेटे और एक बेटी है। बेटी की अभी शादी नहीं हुई है।



