
Deoghar : पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के आदेशानुसार साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार की जा रही कार्रवाई के तहत पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 12 अगस्त को तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर सारवां थाना क्षेत्र में छापेमारी कर यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपित फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी एवं गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।

गिरफ्तार आरोपितों के पास से बरामद मोबाइल फोन व सिम की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता पाई गई है। गिरफ्तार आरोपितों में अमीर अंसारी, बरमतरा, थाना सोनारायठाड़ी, अफजल अंसारी (करीब 27 वर्ष), पिता साजिद अंसारी, बरमतरा, थाना सोनारायठाड़ी, दोनों जिला देवघर तथा मो. किस्मत अंसारी, दुधानी (नवाडीह), थाना जरमुंडी, जिला दुमका शामिल हैं।
कैशबैक का झांसा देकर करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपित फर्जी गूगल पे, फोनपे व पेटीएम कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से पेमेंट बैंक कार्ड बंद कर देते थे। इसके बाद कार्ड को दोबारा चालू कराने के नाम पर आम लोगों को झांसे में लेकर ठगी करते थे।
चार मोबाइल व पांच सिम बरामद
गिरफ्तार आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। तकनीकी जांच के बाद जब्त मोबाइल नंबर एवं आईएमईआई नंबरों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
छापेमारी टीम थे शामिल
छापेमारी दल में पुनि नागेंद्र कुमार मंडल, साइबर थाना देवघर, पुअनि रोहित दांगी, सोनारायठाड़ी थाना प्रभारी सहित सोनारायठाड़ी थाना की टीम शामिल थी। गिरफ्तार तीनों आरोपितों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया।



