
Deoghar News : श्रावणी मेला के दौरान भीड़ की आड़ में नकली नोट खपाने का मामला सामने आया है। गुरुवार को एक व्यक्ति यूनियन बैंक में 40 हजार रुपये जमा कराने पहुंचा। उसके पास पांच-पांच सौ रुपये के नोट थे। बैंक में राशि जमा कराने के दौरान जांच में पांच नोट नकली पाए गए।

इसके बाद बैंक अधिकारी ने नगर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाना ले आई। पूछताछ में उसने बताया कि वह गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

वह श्रावणी मेला के दौरान अपने बेटे के साथ देवघर में बैग बेचने का काम करता है। बैग वह बंगाल के आसनसोल और कोलकाता से मंगाता है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि बैग सप्लाई करने वाले को भुगतान करना था। इसी राशि को जमा कराने के लिए वह बैंक पहुंचा था।
उसका दावा है कि मेला की भीड़ में कांवरिया के वेश में किसी व्यक्ति ने उसे नकली नोट थमा दिए, जिसका उसे पता नहीं चला। फिलहाल नगर थाना पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस नकली नोट उसे देने वाले और इस पूरे मामले से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के प्रयास में जुटी है।
कारोबारियों से सावधानी बरतने की अपील। देवघर पुलिस ने मेला के दौरान कारोबारियों से रुपये के लेनदेन में सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि भीड़भाड़ में किसी को भी नकली नोट थमाया जा सकता है। इसलिए नोट लेते और देते समय उसकी अच्छी तरह जांच कर लें।



