Ranchi: होली से पहले बर्ड फ्लू की दस्तक ने चिकन प्रेमियों के रंग में भंग डाल दिया है। होली के त्योहार से पहले झारखंड में बर्ड फ्लू की दस्तक से लोग परेशान हैं। बोकारो के बाद रांची में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इस मामले पर शनिवार को विधानसभा के बाहर स्वास्थ्य मंत्री ने बयान दिया। उन्होंने लोगों से नहीं घबराने को कहा है साथ ही ऐसा बयान दिया है कि वीडियो सोशल मीडिया पर न सिर्फ वायरल हो रहा है बल्कि उनके इस बयान की आलोचना भी हो रही है।
दरअसल, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने शनिवार को विधानसभा परिसर में पत्रकारों के सवालों पर उन्होंने कहा कि अखबारों में बर्ड फ्लू की खबरें आ रही हैं। पशुपालन मंत्री और विभाग सारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि अरे कोई डरने-वरने की बात नहीं है। जब-जब बर्ड फ्लू आया है, हम ज्यादा मुर्गा खाये हैं। हां, मुर्गा को थोड़ा ज्यादा भूनकर खाना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री के इस बयान को लोग गैरजिम्मेदाराना बता रहे हैं। हालांकि, मंत्री ने लोगों को आश्वस्त करने की कोशिश की कि चिकन खाने से कोई नुकसान नहीं होता है।
उल्लेखनीय है कि बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग, दुमका और अन्य जिलों के साथ साथ राजधानी रांची में भी तीन मार्च को बर्ड फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं। पशुपालन विभाग ने कोलकाता सैंपल भेजकर इसे कंफर्म किया है। रांची में भी जेल चौक के पास स्थित केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के आवासीय परिसर में आधा दर्जन मुर्गियों के बर्ड फ्लू से मरने की पुष्टि हो चुकी है।
फिलहाल, पशुपालन निदेशालय की ओर से जेल मोड़ चौक के एक किमी की परिधि में आने वाली मुर्गियों का सर्वे करने का निर्देश जिला पशुपालन पदाधिकारी को दिया गया है। इस दायरे में आने वाली सभी मुर्गियों को मारे जाने की तैयारी है। साथ ही 10 किमी क्षेत्र को सर्विलांस घोषित कर दिया गया है।