
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के कचौड़ी गली की रहने वाली एक महिला ने अपने बेटे का हैदराबाद आईआईटी में नामांकन कराने के नाम पर 11 लाख रुपये की कथित ठगी का आरोप लगाया है। मामले में नगर थाना पुलिस जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, महिला की बातचीत खुद को हैदराबाद का निवासी बताने वाले एक व्यक्ति से हुई थी। 16 जुलाई को दोनों के बीच 11 लाख रुपये में नामांकन कराने की बात तय हुई।

आरोप है कि बातचीत के करीब पांच घंटे के भीतर उक्त व्यक्ति ने अपने एक सहयोगी, जिसे हलाला नाम से बताया गया, को पैसे लेने भेजा। महिला ने अवंतिका गली में उसे 11 लाख रुपये नकद दे दिए।
इसके बाद महिला अपने बेटे के नामांकन के लिए हैदराबाद पहुंची। वहां पहुंचने पर उसने कथित राजबीर नामक व्यक्ति के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद वह वापस देवघर लौट आई।
बताया गया कि महिला ने अपने एक परिचित के माध्यम से उसी व्यक्ति से दूसरे बच्चे के नामांकन की बात कराई। इस दौरान दो लाख रुपये अग्रिम लेने के लिए वह व्यक्ति देवघर पहुंचा, जहां उसे पकड़ लिया गया।
इधर, पकड़े गए व्यक्ति के परिजनों ने नगर थाना में उसे बंधक बनाए जाने की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, उसे मुक्त कराकर थाना लाई और पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।



