
Deoghar: देवघर नगर थाना में कनीय विद्युत अभियंता राजेंद्र प्रसाद चौधरी के बयान पर मारपीट, गाली-गलौज एवं जातीय उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है।

इस मामले में आशीष मिश्रा को आरोपित बनाया गया है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है।

दर्ज प्राथमिकी में कनीय विद्युत अभियंता राजेंद्र प्रसाद चौधरी ने बताया है कि वह श्रावणी मेला से संबंधित कार्य समाप्त करने के बाद अपने कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान आरोपित आशीष मिश्रा ने उनकी बाइक रोक ली और बेवजह उलझने लगा।
उन्होंने आरोपित को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उसने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद उन्हें जबरन कार्यालय के अंदर ले जाकर मारपीट की गई तथा कार्यालय की फाइलें और रजिस्टर भी बाहर फेंक दिए गए।
मामले को लेकर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।


