
Deoghar : मोहनपुर थाना क्षेत्र के सरसा गांव में घर की बिजली ठीक करने के दौरान करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान सरसा गांव निवासी रंजीत मिर्धा (लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है।

घटना के बाद परिजनों ने उन्हें गंभीर अवस्था में इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी गौरी देवी ने बताया कि देर शाम घर में कोई नहीं था।

इसी दौरान रंजीत मिर्धा अपने घर की बिजली ठीक कर रहे थे। काम करने के क्रम में वह अचानक करंट की चपेट में आ गए और बेहोश होकर गिर पड़े।
कुछ देर बाद जब उनकी पत्नी और पुत्र घर पहुंचे तो उन्हें अचेत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के उपरांत रंजीत मिर्धा को मृत घोषित कर दिया।
रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना से शोक का माहौल है।


