
Guwahati: गुवाहाटी के खेत्री थाना क्षेत्र के मालयबारी गांव के 40 युवक-युवतियों ने असम पुलिस की एबी और यूबी कांस्टेबल परीक्षा (AB and UB Constable Exam) को उत्तीर्ण कर अपने गांव और परिवार का नाम रौशन किया है।

गुरुवार को असम पुलिस के एबी और यूबी कांस्टेबल परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद पूरे मालयबारी गांव में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। गांव के कल्पज्योति बैद्य, नयनिका राजवंशी, गीतांजलि बर्मन, राहुल राय निहारिका कलिता, पम्पी कलिता, परिमल पाल, रितु दास, अमिता राजवंशी, दीपक बर्मन, सुजीत पाल, जयश्री राजवंशी, पिंकी नाथ, पंकज कलिता, राजू कलिता, प्रणव कलिता सहित 40 युवक-युवतियों ने असम पुलिस की परीक्षा में उत्तीर्ण कर पूरे गांव का नाम रोशन किया है।

पुलिस की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले गांव के युवक-युवतियों ने कहा कि हम सभी एक साथ मेहनत करते थे। सुबह-शाम खेल मैदान और नदी के किनारे अभ्यास किया करते थे। एक साथ अभ्यास करने वाले ज्यादातर परीक्षा उत्तीर्ण करने में सफल हुए है। दो-चार युवाओं को सफलता नहीं मिली है। युवाओं ने कहा कि हमें उम्मीद है कि जिन्हें सफलता नहीं मिली है वे अपना अभ्यास जारी रखेंगे। उन्हें भी आने वाले समय में जरूर सफलता मिलेगी।
परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और असम पुलिस के डीजीपी भास्कर ज्योति महंगा का हम शुक्रिया अदा करना चाहते हैं कि नियुक्ति प्रक्रिया काफी साफ-सुथरी हुई, जिसकी वजह से हम ज्यादातर गरीब परिवार के लोगों को नियुक्ति मिली है।
2018 में हम लोगों ने इस पद के लिए आवेदन किया था। चार साल बाद परीक्षा हुआ और हमें सफलता मिली है। जिसको लेकर हम सभी साथी काफी खुश हैं।


