
Deoghar News : जसीडीह थाना क्षेत्र के नवाडीह रेल फाटक के समीप ट्रेन से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर जसीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।घटना के संबंध में बिहार के बांका जिला के चांदन थाना क्षेत्र के बागरा गांव निवासी मृतक कांग्रेस यादव के पुत्र चंदन कुमार ने बताया कि उनके पिता जसीडीह से ट्रेन पकड़कर काम करने के लिए कोलकाता जा रहे थे।

इसी दौरान नवाडीह रेल फाटक के समीप चलती ट्रेन से गिर जाने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जसीडीह थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में उसे परिजनों को सौंप दिया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


