देवघर।
देवघर से भागलपुर जाने के लिए गोड्डा से पीरपैंती और नवगछिया तक रेल लाइन को एक्सटेंशन दिया गया है। गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सांसद निशिकांत दुबे (MP Nishikant Dubey) ने अपने फेसबुक वॉल पर इसकी पुष्टि की है।
नवगछिया यानी भागलपुर तक रेल कनेक्शन हो जाने से देवघर से भागलपुर जाने के लिए लोगों को सहूलियत होगी। अभी देवघर से भागलपुर जाने के लिए बस सेवा से करीब 4 घंटे लगते हैं , लेकिन जब गोड्डा से पीरपैंती होते नवगछिया तक रेल लाइन को विस्तार दिया जाएगा तो लोगों को देवघर से भागलपुर जाने में करीब 2 घंटे का वक्त ही लगेगा। इससे जहां लोगों के समय की बचत होगी। वहीं पैसे भी कम लगेंगे।
सांसद निशिकांत दुबे ने रेल मंत्री पीयूष गोयल (Rail Minister Piyush Goyal) का आभार जताया है और कहा है कि संथाल परगना के विकास के लिए रेलवे हरसंभव हर सुविधा मुहैया कराएगा।
सांसद निशिकांत दुबे ने लिखा है "प्रधानमंत्री जी का 2021 का सबसे बड़ा सौगात। देवघर-गोड्डा-पीरपैंती रेलवे लाईन का नवगछिया तक होगा विस्तार। केन्द्रीय रेल मंत्रालय ने बटेशवर स्थान में गंगा पर बनने वाले रेल पुल के लिए केन्द्रीय एजेंसी राईटस को लेखा-जोखा व देख रेख के लिए किया नामित। रेल मंत्री पियुष गोयल जी का आभार।