
Deoghar: देवघर से बड़ी खबर है। देवघर के प्रधान डाकघर स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर हड़कंप मच गया। प्रधान डाकघर और सुरक्षा कर्मी अलर्ट मोड पर हैं।

मामले की जानकारी डाकपाल रवि कुमार के द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि रिजनल पासपोर्ट ऑफिस रांची से मेल आया जिसमें यह बताया गया कि राज्य के जितने भी पासपोर्ट कार्यालय हैं उसे बम से उड़ने की धमकी दी गई है। रीजनल ऑफिस से देवघर प्रधान डाकघर को इसकी सूचना मेल पर दी गई। जिसको लेकर तुरंत सूचना देवघर पुलिस और देवघर एसपी को दी गई।

बताया कि सूचना मिलते ही देवघर एसपी पूरी टीम के साथ डाकघर पहुंचे और मौजूद कर्मी सहित ग्राहकों को हटाकर डाकघर खाली कराया गया। जिसके बाद झारखंड जगुआर की बम निरोधक टीम और श्वान टीम मौके पर पहुंची।
नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने बताया कि सूचना मिली कि पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए मौजूद कर्मी और ग्राहकों को बाहर भेजा गया और फिर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए बम निरोधक टीम श्वान टीम प्रधान डाकघर पहुंची। प्रधान डाकघर के बिल्डिंग के चप्पे चप्पे पर जांच किया गया।
हालांकि, जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु पूरे डाकघर परिसर और पासपोर्ट ऑफिस में नहीं बरामद किया गया है। पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। डाकघर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।


