
Ranchi: झारखंड में आज मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। बिहार और मणिपुर में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड के मौसम पर साफ दिख रहा है। इसके कारण राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा व साहिबगंज जिले में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में आकाश में बादल छाये रहेंगे और कहीं-कहीं मेघ गर्जन हो सकते हैं।

आज उत्तर-पश्चिमी जिलों जैसे पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में बारिश कम होने के कारण तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रह सकता है, जिससे उमस महसूस होगी। वहीं रांची, नेतरहाट, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में तापमान 27 से 30 डिग्री के बीच रहकर मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा।
कोल्हान और रांची प्रमंडल में लगातार बारिश और गरज-चमक के कारण जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।


