
Deoghar: देवघर जिले सारवां थाना क्षेत्र के डढ़ुआ स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में हुई चोरी की घटना मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सह संयोजक इरशाद चौधरी के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज किया गया था। आवेदन में बताया गया कि 11 जुलाई की रात करीब दो बजे विद्यालय में चोरी करते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ा गया था।


मामले के अनुसंधानकर्ता एसआई धर्मेंद्र कुमार सिंह ने जांच के दौरान आरोपी की पहचान मुरली हाजरा उर्फ मोहन हाजरा (55 वर्ष), पिता अंगेज हाजरा उर्फ बाजो हाजरा, ग्राम देवपहरी, थाना सारवां, जिला देवघर के रूप में की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का सामान जब्त कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपराध स्वीकार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में बरामद सामान को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।


