
Godda : गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के कारगिल चौक स्थित बंगाल ज्वेलर्स में हुई लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक, एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, 41,500 रुपये नकद और लूटे गए जेवरात को गलाकर बनाए गए सोने के टुकड़े बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई की शाम बाइक पर आये तीन हथियारबंद अपराधियों ने बंगाल ज्वेलर्स के संचालक बासुदेव रॉय को हथियार का भय दिखाकर और फायरिंग कर शो रूम से सोने के आभूषण और नकदी लूट ली थी। घटना के बाद नगर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया।
देवघर के रहने वाले दोनों आरोपी

एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिसमें देवघर जिले के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र निवासी अजीत यादव और रिखिया थाना क्षेत्र निवासी राजेश यादव को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई बाइक, हथियार, नकदी और गलाया हुआ सोना भी बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अजीत यादव के खिलाफ देवघर और जामताड़ा के विभिन्न थानों में लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं, इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


