
Deoghar : पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत देवघर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 10 जुलाई 2026 को कार्रवाई करते हुए सारठ थाना क्षेत्र के पुरनीकरहैया स्थित डकाय जंगल में छापेमारी कर अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डकाय जंगल में कुछ लोग साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद गठित टीम ने मौके पर छापेमारी की, जहां से पांच साइबर अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा जब्त किए गए मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में इनके साइबर ठगी में संलिप्त होने के प्रमाण मिले हैं।

गिरफ्तार आरोपितों में सारठ थाना क्षेत्र के सुखजोरा निवासी संजीत कुमार मंडल, देवीपुर थाना क्षेत्र के गोयठाडीह निवासी दिनेश कुमार दास, तथा जमुई जिले के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के बदिया निवासी प्रभात कुमार दास और संदीप कुमार दास शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपित लोगों को पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर फर्जी एपीके (APK) फाइल भेजकर उनके मोबाइल का एक्सेस हासिल करते थे।
इसके अलावा खुद को एयरटेल पेमेंट बैंक का पदाधिकारी बताकर उपभोक्ताओं को झांसे में लेते थे। एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से बैंक कार्ड बंद होने की बात कहकर उसे दोबारा चालू कराने के नाम पर लोगों से ठगी की जाती थी। इस प्रकार गिरोह विभिन्न तरीकों से साइबर अपराध को अंजाम देता था।
छापेमारी के दौरान आरोपितों के पास से आठ मोबाइल फोन और आठ सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस जब्त उपकरणों की तकनीकी जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों तथा ठगी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
इस कार्रवाई में साइबर थाना देवघर के पुलिस अवर निरीक्षक राकेश कुमार रवि, सारठ थाना के सहायक अवर निरीक्षक रामवृक्ष सिंह सहित अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के विरुद्ध आगे भी इसी तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।


