
Deoghar News : देवघर नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए देवघर-दुमका मुख्य सड़क स्थित दूधकोठी धर्मकांटा के पास छापेमारी कर करीब 50 हजार रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस संबंध में नगर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक रवि ठाकुर ने थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में पूरी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहनपुर की ओर से एक पिकअप वैन (संख्या जेएच-15भी -7677) में सवार दो व्यक्ति अवैध ब्राउन शुगर लेकर नगर थाना क्षेत्र के दूधकोठी धर्मकांटा की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर के अलावा एसआई सुमंत प्रसाद, एसआई मिथलेश कुमार, एसआई शंकर रजक, एसआई मुकेश कुमार तिवारी, एएसआई भूषण एक्का तथा नगर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन चालक मोहनपुर थाना क्षेत्र के नावाडीह बैजनाथपुर निवासी महानंद यादव के पास से सात पुड़िया तथा उसके बगल में बैठे रिखिया थाना क्षेत्र के महेशमारा निवासी चंदन कुमार मंडल की जेब से छह पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई।
बरामद ब्राउन शुगर का कुल वजन 2.41 ग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हंसडीहा से ब्राउन शुगर लाकर देवघर जिले के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर रिखिया थाना क्षेत्र में उसकी बिक्री करते थे।
बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।


